Top News

स्कॉर्पियो की तेज टक्कर से दो बाइक सवार गिरे, एक की मौके पर मौत

मधेपुरा। मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा स्कूल से उत्तर हनुमान मंदिर, जोरगामा के समीप एसएच-91 पर रविवार की संध्या भीषण सड़क हादसा हुई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा वार्ड 11 निवासी सीताराम यादव के पुत्र आशीष कुमार के रूप में हुई है। वहीं कुमारखंड थाना क्षेत्र के कोहबारा वार्ड 9 निवासी बद्री ऋषिदेव के पुत्र दीपक कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक अलग-अलग बाइक से रहटा की ओर से मीरगंज जा रहे थे। इसी दौरान जोरगामा स्कूल से पहले हनुमान मंदिर के सामने एक अनियंत्रित अज्ञात स्कॉर्पियो ने दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने से आशीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को ई-रिक्शा से सीएचसी मुरलीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार पांडे ने जांच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया गया। इधर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post