कटिहार। बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत काढ़ागोला घाट गंगा नदी के उसपार बकिया दियरा क्षेत्र में थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा लगातार छापेमारी एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। थाना अध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि पुलिस की बढ़ती सक्रियता और दबाव के कारण अधिकांश अपराधी दियरा क्षेत्र छोड़कर पलायन कर गए हैं। इसका सकारात्मक असर यह हुआ है कि अब दियरा क्षेत्र के लोग अमन-चैन की जिंदगी जी रहे हैं और किसान स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस संबंध में डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस का मुख्य कर्तव्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि लोग भयमुक्त होकर अपना जीवन यापन कर सकें। उन्होंने कहा कि लगातार गश्ती और छापेमारी के कारण दियरा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में काफी कमी आई है। कई चिन्हित अपराधी पहले से ही जेल में बंद हैं, जबकि शेष अपराधी पुलिस के दबाव से क्षेत्र छोड़ चुके हैं।
Post a Comment