Top News

ठाकुरगंज में जदयू कार्यकर्ताओं का सम्मान, सदस्यता अभियान 2025–28 को सफल बनाने की रणनीति तय

किशनगंज। ठाकुरगंज में शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) की ओर से जिला स्तरीय कार्यकर्ता आभार समारोह सह सदस्यता अभियान 2025–28 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह कार्यक्रम ताराचंद धानुका एकेडमी के प्रांगण में आयोजित हुआ । इस आयोजन का मकसद पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करना और आगामी वर्षों के लिए संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करना रहा। समारोह में बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ बिहार राज्य खाद्य निगम के अध्यक्ष प्रहलाद सरकार, पूर्व मंत्री नौशाद आलम, जदयू विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ नेता बुलंद अख्तर हाशमी समेत जिले और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल द्वारा मंत्री लेशी सिंह को बुके व शॉल भेंट कर सम्मानित करने से हुई। इसके बाद नेताओं ने एक-एक कर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि जदयू की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर दौर में पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने में सदस्यता अभियान की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री नौशाद आलम ने कहा कि जदयू शुरू से ही गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और वंचित तबकों की आवाज बनकर खड़ी रही है। 2025–28 का सदस्यता अभियान संगठन के भविष्य को दिशा देने वाला साबित होगा, जिसे सफल बनाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं के कंधों पर है।

विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने ठाकुरगंज और किशनगंज जिले में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ठाकुरगंज में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और पलसा नदी सहित विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों पर हाई लेवल ब्रिज निर्माण कार्य प्राथमिकता में शामिल हैं।

बैठक में वरिष्ठ नेता बुलंद अख्तर हाशमी, जिलाध्यक्ष फिरोज अंजुम, जिला उपाध्यक्ष अहमद हुसैन, कार्यकारी जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, जिला संगठन प्रभारी पवन मिश्रा, विधानसभा प्रभारी रमेश सिंह, महिला जिलाध्यक्ष जानकी सिन्हा, अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बलराम दास, तकनीकी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष बांके बिहारी सहित अन्य नेताओं ने संगठनात्मक स्थिति, सदस्यता अभियान की प्रगति और आगामी राजनीतिक रणनीति पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया। मंच संचालन मंसूर आलम ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विष्णुकांत झा, उमाकांत गोस्वामी, श्याम सिंह, शैलेंद्र सिंह, मुखिया मुन्ना सिंह, अजय सिंह, बीरेंद्र प्रसाद सिंह, भोरेन सिंह, राजकुमार कर्मकार, विधायक प्रतिनिधि सिराजुद्दीन, दीनानाथ पांडे समेत कई जदयू कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।

कुलभूषण सिंह

Post a Comment

Previous Post Next Post