टेढ़ागाछ /सिटी हलचल न्यूज
किशनगंज : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की आधिकारिक घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके लागू होते ही टेढ़ागाछ प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रखंड क्षेत्र में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने सुरक्षाबलों के ठहरने, भोजन, बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की सुनिश्चितता के लिए स्थानों का निरीक्षण प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में टेढ़ागाछ प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार, थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम एवं सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार ने संयुक्त रूप से मटियारी पंचायत स्थित उच्च विद्यालय भवन का निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय भवन की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालय की स्थिति, बिजली आपूर्ति एवं सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की गहन समीक्षा की। बीडीओ अजय कुमार ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सुरक्षाबलों के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाएं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, सीओ शशि कुमार ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण चुनाव कराना है, जिसके लिए सभी स्तर पर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की संयुक्त गश्त बढ़ा दी गई है
संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला एवं प्रखंड प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि जनता निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके और चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो।



Post a Comment