Top News

अति पिछड़ा सशक्त हुए तो बड़ी ताकत बनेगी : मंगनी लाल मंडल

 

धमदाहा/सिटिहलचल न्यूज

पूर्णियां। अनुमंडल मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय धमदाहा के खेल मैदान में रविवार को अति पिछड़ा महासम्मेलन सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, अररिया के पूर्व सांसद सुखदेव पासवान सहित कई नेताओं ने शिरकत की।सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि गरीब, मजलूम और अति पिछड़ों के हक की लड़ाई लालू प्रसाद यादव वर्षों से लड़ते आ रहे हैं। वहीं बिहार की सत्ताधारी पार्टी अति पिछड़ों का वोट लेकर सामंतों के आगे उन्हें कमजोर करने का काम कर रही है


उन्होंने कहा कि बिहार में पिछड़ों की आबादी 36% और यादव व मुस्लिम की आबादी 32% है। यानी 68% आबादी अगर संगठित हो जाए तो न सिर्फ सत्ता बल्कि शासन-प्रशासन और सरकारी सेवा में भी पिछड़ों की आवाज को मजबूती मिलेगी। मंडल ने कहा कि अति पिछड़ा अगर सशक्त हुआ तो यह बड़ी ताकत बनेगी। मौजूदा सरकार मनुवादी मानसिकता के साथ गरीबों का मताधिकार छीनना चाह रही है। जब गरीब मतदाता ही नहीं रहेंगे तो उनके हक की लड़ाई कौन लड़ेगा।राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी ने कहा कि देश के बहुजनों को यह समझने की जरूरत है कि उनका मत कहां जाना चाहिए। राजद की सरकार में बिहार को ओबीसी के लिए 45% आरक्षण दिलाया गया था

लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार ने उसे समाप्त कर पिछड़ों के हक पर कुठाराघात किया है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन, अरविंद साहनी, अनिता कुमारी, पूर्व सांसद सुखदेव पासवान, गौतम कुमार प्रीतम, नेशनल दस्तक के संपादक शंभू सिंह, अमरनाथ मंडल बौद्ध, जिलाध्यक्ष मिथिलेश दास, निरंजन कुशवाहा ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने सुनील कुमार राय उर्फ सुनील मंडल को राजद की सदस्यता दिलाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post