बीमा भारती को जिताने के लिए महागठबंधन हुआ एक 3 को नामांकन में भाग लेने आएंगे तेजस्वी यादव

 


पूर्णिया/सिटीहलचल न्यूज़

पूर्णिया से राजद प्रत्याशी बीमा भारती 3 अप्रैल को नॉमिनेशन करेंगी। बीमा भारती के नॉमिनेशन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। नॉमिनेशन के बाद रंगभूमि मैदान में जनसभा होगी। जहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता हुंकार भरेंगे। नॉमिनेशन से पहले बीमा भारती कांग्रेस कार्यालय गोकुल कृष्ण आश्रम पहुंची। जहां महागठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक में राजद प्रत्याशी बीमा भारती, कांग्रेस जिलाध्यक्ष छोटू सिंह, राजद जिलाध्यक्ष मिथिलेश दास, सीपीएम के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जयवर्धन सिंह, राजद प्रवक्ता आलोक राज समेत जिले भर के महागठबंधन के घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहें। 



प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राजद प्रत्याशी बीमा भारती ने कहा कि 3 अप्रैल को उनका नॉमिनेशन तय है। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने राजद का प्रत्याशी बनाकर अपना आशीर्वाद दिया है। किसी को मुगालते में रहने की जरूरत नहीं। उनके साथ महागठबंधन के घटक दलों के हरके कार्यकर्ता और नेता हैं। जनता का आशीर्वाद उनके साथ है। इस बार उनकी प्रचंड जीत के साथ पूर्णिया में लालटेन जलेगा। तीर हवा में उड़ जाएगा। उन्होंने पूर्णिया में पार्टी को सींचा और जड़े मजबूत की। इसके बदले में पार्टी ने उनके साथ ज्यादती की। उनके बेटे और पति को साजिशतन जेल में डाल दिया गया। पूर्णिया की जनता बेटी के साथ हुई अत्याचार का बदला लेगी। बीमा भारती ने कहा मोदी की गारंटी झूठी है। बीजेपी पार्टी ही झूठी है।आगे उन्होंने कहा कि उन्हे महागठबंधन के घटक दलों का पूरा साथ मिल रहा है। उन्हें उम्मीद है कि पप्पू यादव उनका साथ देंगे। वे अभिभावक हैं। बहन बड़े भाई से यही उम्मीद और आग्रह करती है कि वे उनके लिए मैदान में उतरेंगे। उनके लिए प्रचार करेंगे। ऐतिहासिक वोट से वे लोकसभा का चुनाव जीतेंगी। जिस तरीके से उन्होंने 5 बार रुपौली विधानसभा से विधायक का चुनाव जीता। उसी तरीके से वे इस बार ऐतिहासिक वोटो से लोकसभा का चुनाव जीतेंगी। 


बीमा भारती ने कहा कि उनके नॉमिनेशन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव खुद शामिल होंगे। इस दौरान उनके साथ राजद, कांग्रेस और महागठबंधन के घटक दल के कई नेता शामिल होंगे।  इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष छोटू सिंह ने कहा कि आलाकमान का निर्देश है कि हर हाल में  गठबंधन धर्म निभाते हुए साथ देना है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता जयवर्धन सिंह और राजद प्रवक्ता आलोक राज ने कहा कि महागठबंधन के घटक दल की हरेक पार्टी और उससे जुड़े नेता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ बीमा भारती के साथ खड़ी है। एनडीए को शिकस्त देना ही उनकी प्राथमिकता है।बता दें कि बीमा भारती पूर्णिया के रुपौली विधानसभा से 5 बार की विधायक रह चुकी हैं। वे हाल में ही जदयू छोड़कर राजद में शामिल हुई। राजद ने उन्हें पूर्णिया लोकसभा सीट से राजद का प्रत्याशी बनाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post