गया से आशीष कुमार कि रिपोर्ट
गया। पिछले दस दिनों से कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए गया नगर निगम ने पूरे शहर को सोडियम हाइपोक्लोराईड केमिकल से सैनिटाइज कराने का काम शुरू किया है. एक अभियान की तरह प्रतिदिन अलग-अलग इलाकों के एक-एक घर और गलियों को सैनिटाइज कराया जा रहा है. इसी क्रम में शुक्रवार को जब नगर निगम कर्मी, मेयर वीरेंद्र कुमार और डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव शहर के टिकारी रोड मोहल्ले को सैनिटाइज करने पहुंचे,
तभी स्थानीय लोगों ने फूल बरसा कर उनका स्वागत किया. साथ ही मुश्किल घड़ी में उनके द्वारा किए जा रहे कामों की तारीफ करते हुए, उन्हें सम्मानित किया.उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में जब लोग घर में दुबके हुए हैं, उस समय नगर निगम कर्मी खुद सड़कों पर निकल कर मोहल्लों को सैनिटाइज करने का काम कर रहे हैं. ये काम सराहनीय है.
बता दें कि शहर के वार्ड संख्या 17, 18, 19, 20 और 21 के बारी रोड, स्वराजपुरी सहित कई मोहल्लों के घरों को सैनिटाइज करने का काम किया गया है. इसी दौरान लोगों ने कर्मियों पर फूलों की बारिश की. इस मौके पर डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव के वक्त ही इन गलियों और मोहल्लों में नेता और जनप्रतिनिधि आते हैं, उसके बाद फिर कभी नहीं. लेकिन गया नगर निगम हर आपदा की घड़ी में सड़कों पर उतर कर सैनिटाइजेशन का काम कर रहा है. वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर वे अब तक कोरोना से बचे हुए हैं, तो उसका श्रेय नगर निगम के इन जांबाज कोरोना वॉरियर्स को जाता है, जो साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं. इसलिए उनकी हौसलाफजाई करना जरूरी है. मौके पर वार्ड पार्षद मीना देवी, अशोक कुमार, धर्मेंद्र कुमार, दीपक चंद्रवंशी, डिंपल कुमार, उपेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
Post a Comment