Top News

पिस्टल दिखाकर शिक्षक से मोबाइल लूटने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, बाइक समेत 3 मोबाइल बरामद

पूर्णियां/बालमुकुन्द यादव 

शहर में मोबाइल झपटमारी और छिनतई की लगातार हो रही घटनाओं के बीच पूर्णिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मधुबनी ओवरब्रिज के पास पिस्टल का भय दिखाकर शिक्षक से मोबाइल लूटने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काली पल्सर बाइक भी बरामद की है। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय मोबाइल झपटमार गिरोह के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है


पुलिस के अनुसार, घटना 31 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे की है। मधुबनी काली स्थान निवासी शिक्षक अनोज कुमार न्यू बायपास ओवरब्रिज के निकट से गुजर रहे थे। इसी दौरान काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (BR11BX2133) पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। दोनों ने पिस्टल का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित शिक्षक के आवेदन पर मधुबनी थाना में कांड संख्या 291/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज किया गया


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने जांच और कार्रवाई करते हुए लूट में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के जाफरीनगर मिल्की निवासी नीरज ठाकुर, पिता बबलू ठाकुर और सहायक खजांची थाना क्षेत्र के सुभाषनगर गोकुल आश्रम रोड निवासी अंकित केसरी उर्फ गोलू, पिता जयप्रकाश केसरी के रूप में हुई है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल की जांच और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है


पूर्णिया शहर में मोबाइल झपटमारी और छिनतई की घटनाएं आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। सड़क पर चलते लोगों, राहगीरों और अकेले सफर करने वालों को अपराधी निशाना बना रहे हैं। मधुबनी ओवरब्रिज के पास शिक्षक से पिस्टल का भय दिखाकर मोबाइल लूटने की यह घटना भी शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में सख्त संदेश जाने की उम्मीद है। हालांकि, शहरवासियों को राहत तभी मिलेगी, जब ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और सड़कों पर पुलिस की गश्ती और निगरानी लगातार मजबूत होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post