Top News

पप्पू यादव का हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला, बोले- मां से गद्दारी करने वाले दूसरों को क्या सिखाएंगे? PM मोदी और असम CM को खुला चैलेंज

पटना /बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर नाम लिए बिना तीखा हमला बोला है। उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा की राजनीतिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी पैदाइश ही कांग्रेस की कोख से हुई है, लेकिन उन्होंने अपनी मां (कांग्रेस) के साथ गद्दारी की है। इस दौरान पप्पू यादव ने कुछ विवादित शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उनके इस बयान से बिहार की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज होने के आसार हैं।पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को खुली चुनौती देते हुए कहा कि दोनों भाजपा छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने चुनौती दी कि किसी भी हिंदी भाषी क्षेत्र से दोनों उनके सामने चुनाव मैदान में उतरें। उनका कहना था कि पार्टी के सहारे राजनीति करना अलग बात है, लेकिन जनता के बीच अपनी व्यक्तिगत ताकत साबित करना अलग बात है


सांसद ने बिहार में भाजपा की राजनीतिक ताकत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बिना भाजपा का कोई वजूद नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के भागलपुर दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां 50 लोग भी नहीं पहुंचे थे। वहीं, पूर्णिया में 200 लोगों की भीड़ भी नहीं जुटी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे ज्यादा भीड़ तो उनके छात्र नेता जुटा लेते हैं।पप्पू यादव ने बिहार में आई बाढ़ को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार बाढ़ की त्रासदी से जूझता रहा, लेकिन केंद्र की ओर से एक भी पैसा नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में नफरत फैलाने वाले भाषण नहीं चलेंगे। यहां की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव से है


गौरतलब है कि एक दिन पहले ही असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा पूर्णिया पहुंचे थे। यहां उन्होंने भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा और जनसभा में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव को लेकर भी बयान दिया था।अब पप्पू यादव ने बिना नाम लिए हिमंत बिस्वा सरमा पर पलटवार किया है। प्रधानमंत्री मोदी और असम के मुख्यमंत्री को निर्दलीय चुनाव लड़ने की चुनौती देने से बिहार की राजनीति में बयानबाजी का नया मोर्चा खुल गया है। आने वाले दिनों में भाजपा की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर राजनीतिक नजरें टिकी रहेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post