Top News

यूनियन बैंक की पवई शाखा में चोरी का प्रयास, खिड़की और शीशा तोड़कर अंदर घुसा चोर


कोढ़ा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 किनारे स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की पवई शाखा में अज्ञात चोर ने चोरी का असफल प्रयास किया। चोर ने बैंक के पीछे से छत पर चढ़कर खिड़की तोड़ी और अंदर प्रवेश कर शाखा प्रबंधक के केबिन में लगे शीशे को भी तोड़ दिया। हालांकि, वह बैंक से कोई राशि चोरी करने में सफल नहीं हो सका।

शाखा प्रबंधक सुरेंद्र मंडल ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे बैंक खुलने पर अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर खिड़की और शीशा टूटा हुआ पाया गया। इसके बाद घटना की सूचना कोढ़ा पुलिस और क्षेत्रीय कार्यालय भागलपुर को दी गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है। गहन जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है।

घटना के कारण बैंक का लेनदेन और अन्य कामकाज बाधित रहा। कई ग्राहक बिना काम कराए ही बैंक से लौट गए। भागलपुर से पहुंचे क्षेत्रीय प्रमुख राकेश सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। चोर ने चोरी की कोशिश के साथ बैंक की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बैंक की सभी खिड़कियों में लगे ग्रिल को मजबूत कराने का निर्देश दिया।

अन्य बैंकों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश

डीएसपी सदर-द्वितीय सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधन के आवेदन पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के अन्य बैंक संस्थानों के इलाके में लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी का प्रयास असफल रहा और बैंक से किसी प्रकार की राशि की चोरी नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। दोषियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post