सरकारी कार्यों में लापरवाही और आम लोगों के आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन नहीं करना कोढ़ा के अंचल अधिकारी संजीव कुमार को महंगा पड़ गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोढ़ा सीओ समेत बिहार के विभिन्न जिलों के कुल 15 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सभी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को आयोजित राज्यस्तरीय सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में लापरवाही, निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटारा नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
जारी निलंबन सूची में कटिहार जिले के कोढ़ा अंचल अधिकारी संजीव कुमार का नाम चौथे स्थान पर दर्ज है। वे राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अंतर्गत पदस्थापित हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, कोढ़ा अंचल अधिकारी के निलंबन के बाद अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली भी चर्चा में आ गई है।
सरकार की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में जवाबदेही सुनिश्चित करने और आम लोगों के आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।
Post a Comment