बलरामपुर प्रखंड के भिमियाल स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) पिछले करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ा है। स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार ताला लटके रहने से आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इलाज की उम्मीद लेकर केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को बिना उपचार और दवा के ही वापस लौटना पड़ता है। वहीं, लोगों को इलाज के लिए 10 से 12 किलोमीटर दूर बारसोई या बलरामपुर जाना पड़ रहा है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण युवकों ने बताया कि जब स्वास्थ्य केंद्र खुलता था, तब यहां अच्छी दवाइयां उपलब्ध रहती थीं और मरीजों को काफी लाभ मिलता था। लेकिन पिछले डेढ़ महीने से केंद्र बंद रहने के कारण छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी ग्रामीणों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर स्वास्थ्य केंद्र इतने दिनों से बंद क्यों है और इसकी निगरानी करने वाले अधिकारी इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं? उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चिकित्सक, नर्स या अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र को नियमित रूप से खोलने, स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा मिल सके।
इस दौरान प्रमोद कुमार नुनिया, लक्ष्मण कुमार नुनिया, सोपन दास, रोहित कुमार, मिथुन दास, रवि कुमार सहित अन्य ग्रामीण युवकों ने स्वास्थ्य विभाग से जल्द केंद्र चालू कराने की अपील की।
Post a Comment