कुरसेला। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ने कुरसेला नगर पंचायत के ग्वालटोली घाट तथा दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के खेरिया घाट एवं तिनघरिया घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसडीओ ने सभी घाटों पर पर्याप्त साफ-सफाई, रोशनी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। छठ व्रतियों की सुविधा के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने तथा संवेदनशील घाटों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा। वहीं, खतरनाक घाटों को लाल रिबन से घेरकर चिह्नित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान और अर्घ्य अर्पित कर सकें।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने विशेष रूप से खेरिया घाट की व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यहां कुरसेला सहित सीमावर्ती प्रखंडों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा, आवागमन, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी रूपा कुमारी, बीडीओ कुमारी प्रियंवदा, एसडीपीओ सदर-द्वितीय सुनील कुमार शर्मा, राजस्व पदाधिकारी उत्तम कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शांतनु ठाकुर, जिला परिषद सदस्य उमेश यादव उर्फ उमा यादव, मुखिया ललन राम एवं थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment