काली पूजा के पावन अवसर पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के साथ दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मां काली से समस्त क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की।
विधायक ने प्राचीन काली मंदिर कालीबाड़ी भट्ठा, सुदीन चौक, विवेकानंद कॉलोनी, खजांची हाट, लाइन बाजार, बाड़ीहाट, डीएसए ग्राउंड, रानीपतरा और बिलोरी सहित कई स्थानों पर आयोजित काली पूजा उत्सव में भाग लिया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि दीपावली के दीपोत्सव के बाद मां काली की आराधना का विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। मां काली शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देती है।
उन्होंने मां काली से पूर्णिया सहित पूरे बिहार में शांति, सद्भाव, विकास और समृद्धि का वातावरण बनाए रखने की प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।
Post a Comment