दीपावली, कालीपूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आबादपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मो. शादाब ने की। इस दौरान त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, पटाखों के इस्तेमाल तथा पूजा पंडालों और छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।
थानाध्यक्ष मो. शादाब ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। दीपावली में पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाए। भीड़भाड़ वाले इलाकों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे फोड़ने से बचें। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में भाजपा नेता मिहिर मुखर्जी ने सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की। कांग्रेस नेता आफताब ताज ने कहा कि भारत की खूबसूरती आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द में है। सभी धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। इस परंपरा को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
नारायण पांडे ने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक हैं और इन्हें शांतिपूर्ण तरीके से मनाने में सभी वर्गों का सहयोग जरूरी है। सरपंच मंजूर आलम ने कहा कि जनप्रतिनिधि शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग करेंगे। किसी भी तरह की अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाएगा।
दीपक कुमार साह ने पुलिस प्रशासन की तैयारियों की सराहना करते हुए आम लोगों से भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। वहीं, सरपंच मो. आरिफ ने मंदिरों, पूजा स्थलों, पंडालों और छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण कर साफ-सफाई, रोशनी एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा सभी त्योहारों को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर फरीद आलम, मो. फिरोज, अलीमुद्दीन, शहंशाह, सुशांत कुमार शर्मा, अनिल कुमार साह, सागर मुखर्जी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Post a Comment