Top News

जनता दरबार में आठ भूमि विवाद मामलों की सुनवाई, दो का मौके पर निष्पादन

फलका अंचल परिसर में शनिवार को भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निष्पादन को लेकर जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचलाधिकारी सौमी पोद्दार और थानाध्यक्ष प्रहलाद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पूर्व से लंबित आठ मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें दो मामलों का दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।

जनता दरबार में अधिकारियों ने विवाद से जुड़े दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और मामले की जानकारी ली। विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के लिए दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया गया। इसके परिणामस्वरूप दो मामलों का निष्पादन संभव हो सका।

वहीं, शेष छह मामलों में आवश्यक साक्ष्य और दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। अधिकारियों ने संबंधित पक्षों को जरूरी कागजात और साक्ष्य के साथ अगली निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया।

इस मौके पर अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष ने कहा कि भूमि विवाद के मामलों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने फरियादियों से अपील की कि वे विवाद से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में पहुंचें, ताकि मामलों का त्वरित निष्पादन किया जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post