Top News

पटाखे से लगी आग में दस घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान

जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र की लादूगढ़ पंचायत में शनिवार की शाम पटाखे से लगी आग ने भीषण रूप ले लिया। देखते ही देखते आग आसपास के दस घरों तक फैल गई। इस अगलगी में घरों में रखा सामान, नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम पटाखे से आग लगने के बाद लपटों ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देख पीड़ित परिजन शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। अगलगी में फूचो शर्मा, पुलकित शर्मा, संतोष शर्मा, कारी देवी, सुनीता देवी और राजेन्द्र शर्मा सहित कई परिवार प्रभावित हुए हैं।

घटना की सूचना मुखिया प्रतिनिधि ओम कुमार ने जानकीनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार और अग्निशामक टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशामक टीम घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दस घरों में रखा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि ओम कुमार ने प्रशासन से अगलगी में प्रभावित परिवारों को अविलंब उचित मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post