राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोढ़ा में दीपावली के पावन अवसर पर शुक्रवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक कलात्मक रचनाओं से महाविद्यालय परिसर उत्सवी रंग में रंगा नजर आया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सीके मिश्रा ने किया। प्रतियोगिता में टीम स्टार और टीम मंगलम ने अपनी आकर्षक रंगोली एवं उत्कृष्ट कलात्मक प्रस्तुति के दम पर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल ने दोनों टीमों की रचनात्मकता और कलात्मक कौशल को देखते हुए संयुक्त विजेता घोषित किया। इसके बाद विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
टीम स्टार में खुशी कुमारी, अन्नू कुमारी और अंगूरी खातून शामिल थीं। वहीं, टीम मंगलम की ओर से खुशबू कुमारी, शिवानी कुमारी और सनोवर खातून ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रधानाचार्य डॉ. सीके मिश्रा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका राशि झा एवं हिंदी विभाग के प्राध्यापक प्रीतम कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक सत्यम संदीप, प्रीतम सिंह, सुश्री तिक्षणा सिंह, डॉ. सुजाता सुधा, स्वाति सिंह, गुलअफशां खातून, राजप्रिया गुप्ता एवं शंभू कुमार यादव सहित महाविद्यालय के विभिन्न कर्मी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य डॉ. सीके मिश्रा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्र-छात्राओं में रचनात्मकता, सामूहिक सहभागिता और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती है। आयोजन से महाविद्यालय परिसर में दीपावली का उत्साह और उमंग देखने को मिला।
Post a Comment