Top News

छठ घाट की सफाई शुरू, जेसीबी से हटाई जा रही गंदगी; छठ पर्व को लेकर नगर पंचायत ने तेज की तैयारी


लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कोढ़ा नगर पंचायत में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने गेड़ाबाड़ी बाजार स्थित नहर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर कार्य शुरू कराया गया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या छह के पार्षद पिंटू चौधरी, वार्ड संख्या पांच के पार्षद धर्म शर्मा और वार्ड संख्या नौ के पार्षद विमल पासवान की निगरानी में नहर छठ घाट की सफाई शुरू की गई। जनप्रतिनिधियों ने घाट की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और छठ पर्व से पहले साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर चर्चा की।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि छठ महापर्व श्रद्धा, आस्था और पवित्रता का प्रतीक है। घाट पर आने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। जेसीबी के माध्यम से सफाई कार्य शुरू करा दिया गया है, ताकि पर्व से पहले घाट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि छठ व्रतियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर सुविधाएं मिलें। इस अवसर पर उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए छठी मइया से सभी भक्तों और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post