पोठिया। प्रखंड के बुधरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-5 के नयाबाड़ी पौवाखाली गांव में शुक्रवार की दोपहर अचानक लगी भीषण आग से तीन घर जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घरों में रखा सामान बचाने का मौका तक नहीं मिला। इस घटना में तीनों पीड़ित परिवारों का सबकुछ जलकर नष्ट हो गया और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर गांव के अधिकांश पुरुष जुमे की नमाज अदा करने मस्जिद गए हुए थे, जबकि महिलाएं अपने घरेलू कामों में व्यस्त थीं। इसी दौरान अचानक एक घर से धुएं का गुबार और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के दो अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निकांड में सर्मिला बेगम पति मो. शाहिद, खुशबू पति जारू और खालिदा पति शाहनवाज के कच्चे मकान पूरी तरह जल गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार, घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नकद रुपये, साइकिल सहित दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पोठिया थाना को जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 की टीम और पोठिया थाना की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया।
इधर, अंचल अधिकारी मोहित राज के निर्देश पर राजस्व कर्मचारी मो. सज्जाद हुसैन घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा जले हुए मकानों और सामान का निरीक्षण कर क्षति का आकलन किया। राजस्व कर्मचारी ने बताया कि प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। क्षति का आकलन कर लिया गया है और सरकारी प्रावधानों के अनुसार मिलने वाली आपदा सहायता राशि एवं राहत सामग्री जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
Post a Comment