पुलिस से बचकर भाग रहे शराब तस्करों की तेज रफ्तार कार ने शुक्रवार की अल सुबह लहरा चौक के समीप सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को डायल 112 की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घायल कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
गिरफ्तार घायल तस्कर की पहचान मोतीबाग कर्बला निवासी 29 वर्षीय मोहम्मद तस्लीम, पिता मुस्लिम के रूप में हुई है। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की 320.34 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बीआर 01 जेके 8878 नंबर की मारुति सुजुकी डिजायर कार और बिना नंबर के ऑटो को जब्त कर लिया है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह मधेपुरा निवासी अपने साथी अंशू के साथ पश्चिम बंगाल के धरमपुर से शराब खरीदकर बहादुरगंज डिलीवरी देने जा रहा था। महानंदा पुल के पास पुलिस की गाड़ी देखकर दोनों घबरा गए और कार लेकर वापस लहरा चौक की ओर तेज रफ्तार से भागने लगे। इसी दौरान लहरा चौक के समीप सामने से आ रहे ऑटो से उनकी कार की टक्कर हो गई। एयरबैग खुलने के कारण कार सवार दोनों तस्करों को मामूली चोट आई। हादसे के बाद अंशू मौके से फरार हो गया।
वहीं, ऑटो में सवार घायलों की पहचान दिघलबैंक निवासी अल्ताफ राजा, फिरोज आलम, गगन कुमार ऋषि, जीतेन ऋषि, जीतेन्द्र कुमार, मुकेश ऋषि, सुभान आलम सहित अन्य लोगों के रूप में हुई है। घायलों ने बताया कि वे दीपावली की खुशियां मनाने अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। ट्रेन से उतरने के बाद ऑटो से अपने घर जा रहे थे, तभी रास्ते में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का सदर अस्पताल में इलाज कराया है। वहीं, फरार तस्कर की तलाश और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Post a Comment