पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 275 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 55 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगंज के रहमतनगर निवासी लाडला अंसारी (21), पिता गफ्फार अंसारी और अली हुसैन चौक निवासी शाहीद आलम (20), पिता अब्दुल कादिर के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध बहादुरगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसपी संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी ने एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम में एएनटीएफ किशनगंज और बहादुरगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया।
गुरुवार को विशेष टीम ने बहादुरगंज रजिस्ट्री ऑफिस के पास वाहन जांच अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान हॉस्पिटल चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही हीरो एक्सट्रीम बाइक को देखकर पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी के दौरान बाइक सवार लाडला अंसारी के पास से 275 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ की अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की पहचान के साथ बरामद मादक पदार्थ के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है। आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कांड में शामिल अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment