दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में नशाखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार की शाम किशनगंज रेलवे स्टेशन पर रेल थाना और आरपीएफ ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। रेल डीएसपी प्रियव्रत कुमार के नेतृत्व में चले अभियान में रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी, आरपीएफ इंस्पेक्टर एचके शर्मा, अवर निरीक्षक राकेश कुमार मिश्रा सहित अन्य जवान शामिल थे।
इस दौरान स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को जागरूक किया गया। ड्रोन कैमरे से स्टेशन परिसर की निगरानी की गई और माइकिंग के जरिए सतर्क रहने की अपील की गई। रेल थानाध्यक्ष ने यात्रियों से अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने, बच्चों पर नजर रखने और अनजान यात्रियों से अधिक जान-पहचान नहीं बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशाखुरानी गिरोह के सदस्य चाय, पानी और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को बेहोश कर सामान लूट लेते हैं। महिला पुलिसकर्मियों ने भी महिला यात्रियों को सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया।
Post a Comment