नरपतगंज थाना क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 80 बोरा यूरिया खाद जब्त किया है। राजगंज एनएच के समीप पिकअप वाहन पर लदे यूरिया को जब्त किया गया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही पिकअप चालक और खाद कारोबारी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, नरपतगंज पुलिस और कृषि विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि राजगंज के समीप पिकअप वाहन से भारी मात्रा में यूरिया खाद की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। टीम को देखते ही चालक और कारोबारी फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर उसकी तलाशी ली, जिसमें 80 बोरा यूरिया खाद बरामद हुआ।
मामले में प्रखंड कृषि पदाधिकारी सोनू कुमार ने नरपतगंज थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। जब्त खाद की जांच-पड़ताल के बाद कृषि विभाग ने कालाबाजारी से जुड़े पहलुओं पर कार्रवाई शुरू की है।
नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि कृषि विभाग के आवेदन के आधार पर पिकअप वाहन और यूरिया खाद जब्ती मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक और कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment