जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ड्रोन से छापेमारी कर अवैध चुलाई शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त जावा गुड़-महुआ को नष्ट किया गया। वहीं, शराब सेवन के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया और 32.400 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
अवर निरीक्षक मद्यनिषेध रितु कुमारी एवं सहायक अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सदर और कसबा थाना क्षेत्र में ड्रोन के माध्यम से छापेमारी की गई। इस दौरान सदर थाना क्षेत्र के रामबाग तथा कसबा थाना क्षेत्र के शिशाबाड़ी और बसंतपुर मुसहरी में अवैध चुलाई शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त जावा गुड़-महुआ को मौके पर नष्ट किया गया।
वहीं, समेकित जांच चौकी दालकोला पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में शराब सेवन के आरोप में सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
बाइक से 32.400 लीटर विदेशी शराब बरामद
एक अन्य कार्रवाई में बारसोनी टोल प्लाजा के समीप वाहन जांच के दौरान मद्यनिषेध टीम ने पश्चिम बंगाल की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। टीम को देखकर चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान बाइक पर बंधे बैग से Officer's Choice Elite Whisky की 180 एमएल की 180 बोतलें बरामद हुईं। शराब की कुल मात्रा 32.400 लीटर थी। सभी बोतलों पर 'For Sale in West Bengal Only' अंकित था।
टीम ने शराब के साथ Hero Super Splendor मोटरसाइकिल (नंबर BR11BQ-3711) जब्त कर ली। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Post a Comment