Top News

चंदपारा में भीषण अगलगी, 15 परिवारों के आशियाने जलकर राख, बेघर हुए लोग


 कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत नालसर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित चंदपारा गांव में रविवार दोपहर खाना बनाने के दौरान लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आने से करीब 15 परिवारों के घर, रसोईघर और गौशाला जलकर राख हो गए। इस अगलगी में अनाज, कपड़े, नकदी और घरों में रखे जरूरी सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित परिवारों के अनुसार, रविवार दोपहर एक घर में खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों से सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी आंखों के सामने जलकर राख हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अपने स्तर से प्रभावित परिवारों के बीच चावल, कपड़े और नकद राशि का वितरण कर तत्काल राहत पहुंचाई। उन्होंने अगलगी की सूचना बारसोई अंचलाधिकारी को देते हुए पीड़ितों के लिए अविलंब सरकारी सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।

गुलजार आलम ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग को फोन किया गया था, लेकिन बारसोई से दमकल की गाड़ी पहुंचने तक 15 परिवारों के घर और अन्य संपत्ति जल चुकी थी। उन्होंने कहा कि यदि आबादपुर थाना क्षेत्र में दमकल वाहन उपलब्ध रहता तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता था और नुकसान को कम किया जा सकता था।

उन्होंने कहा कि बेघर हुए परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष भी मांग रखी जाएगी, ताकि प्रभावित परिवारों को दोबारा अपना आशियाना मिल सके।

वहीं, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पंचायत स्तर पर दमकल वाहन की व्यवस्था करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के दौरान दमकल पहुंचने में होने वाली देरी से भारी नुकसान होता है। यदि पंचायत स्तर पर दमकल की व्यवस्था हो तो समय रहते आग पर काबू पाया जा सकता है।

इस मौके पर वार्ड सदस्य अपूर्व मंडल, शहजहां, सरपंच अलीमुद्दीन, मिस्टर, उदन, पूर्व मुखिया हकीमुद्दीन, सुमन, यूनुस, डॉ. सजाउल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post