पूर्णिया सिटी स्थित काली मंदिर सौर नदी घाट की तस्वीर बदलने की तैयारी है। घाट को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित कर धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के साथ आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने की योजना पर पहल तेज हो गई है। इसके तहत सौरा नदी के किनारे लगभग 600 फीट लंबे सुसज्जित पक्के घाट का निर्माण कराया जाएगा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए शौचालय, स्नानघर, आधुनिक लाइटिंग, हरित क्षेत्र और बैठने की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।इस योजना को लेकर विधायक विजय खेमका ने गुरुवार को बुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और सहायक अभियंता के साथ स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रस्तावित योजना को अधिक सुविधाजनक, आकर्षक और जनोपयोगी बनाने का निर्देश दिया। विधायक ने निर्माण कार्य की योजना तैयार करते समय आम नागरिकों की जरूरतों, स्वच्छता और घाट के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अंत्येष्टि के बाद के संस्कारों के लिए बनेगा पक्का हॉल
विधायक ने सिटी सौर घाट के दक्षिण-पूर्व दिशा में पुल के अंतिम छोर के समीप एक बड़े पक्के हॉल के निर्माण की अनुशंसा भी की है। इस हॉल के बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। साथ ही अंत्येष्टि के बाद होने वाले धार्मिक संस्कारों और क्रियाकर्म के लिए भी लोगों को उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
काली मंदिर से जगन्नाथ मंदिर तक विकास की योजना
विधायक विजय खेमका ने कहा कि इससे पहले विधायक निधि से पूर्णिया सिटी के सौरा नदी घाट का सौंदर्यीकरण और विकास कराया गया था। अब काली मंदिर सौर घाट से जगन्नाथ मंदिर तक रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना पूर्णिया के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व को नई पहचान दे सकती है।
उन्होंने कहा कि 'विकसित पूर्णिया मेरा संकल्प है।' सौरा नदी घाट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लाभ मिलेगा।
स्थल निरीक्षण के दौरान पूर्व वार्ड पार्षद राजकुमार यादव, भाजपा नेता पवन साहनी, मुकेश मिश्रा, प्रमोद केसरी, उमाशंकर सिंह, उमेश चौधरी, संजय मंडल, राजू दुबे सहित अनेक स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment