बैसा। प्रखंड क्षेत्र के खपड़ा एवं मुगरा पियाजी पंचायत परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना था।
शिविर में अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने ग्रामीणों को पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा कई मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, आवास समेत अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में बीडीओ हेम शंकर राही, अंचलाधिकारी गोपाल कुमार, जेई कोमल कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि इंजीनियर शाकिब अहमद, उपप्रमुख फिरोज आलम, पंचायत समिति सदस्य मो. इस्लामुद्दीन, उपमुखिया मो. अफसर आलम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद थे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी लेकर समय पर आवेदन करने की अपील की।
Post a Comment