मुरलीगंज। मधेपुरा-मुरलीगंज मुख्य मार्ग एनएच-231 पर मीरगंज ढाला के समीप मंगलवार को डायवर्सन एवं ओवरब्रिज का शीघ्र निर्माण कराने की मांग को लेकर राजद एवं भाकपा कार्यकर्ताओं ने जनाक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कुछ समय के लिए यातायात बाधित कर जिला प्रशासन एवं सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने किया। उन्होंने कहा कि मीरगंज ढाला के समीप बिना डायवर्सन का निर्माण कराए लंबे समय से ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि जर्जर एवं जानलेवा हो चुकी जोरगामा और रतनपट्टी सड़क से आवागमन करना लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। उन्होंने डायवर्सन के साथ दोनों जर्जर सड़कों के शीघ्र निर्माण की मांग की।
प्रमोद प्रभाकर ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का हवाला देते हुए स्थानीय पुलिस से देर रात गश्ती बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर महागठबंधन के कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।
राजद के प्रदेश महासचिव डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि डायवर्सन का निर्माण किए बिना सड़क एवं ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाना उचित नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र डायवर्सन निर्माण कराने की मांग की। राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. इरफान, भाकपा अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा, अनिल भारती, मोहम्मद सिराज, राजद नगर अध्यक्ष सुशील यादव एवं उमेश यादव ने भी आंदोलन जारी रखने की बात कही।
नेताओं ने कहा कि मीरगंज नहर होकर डायवर्सन बनाया जा सकता है अथवा रहिका ढाला से मुख्य सड़क को जोड़ा जा सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से इन विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर यातायात की समस्या का समाधान करने की मांग की।
प्रदर्शन में डॉ. नजीर, धर्मेंद्र यादव, मोहम्मद जुबेर, रामकुमार यादव, मो. मुन्ना आलम, बबलू रजक, रोशन कुमार यादव, विवेक यादव, रंजीत वर्मा, डॉ. सोनेलाल महतो, सुरेंद्र किस्कू, बालकृष्ण यादव, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में राजद एवं भाकपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
Post a Comment