कुरसेला प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार को टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। अंचलाधिकारी अनुपम कुमारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी विभा कुमारी तथा पर्यवेक्षिका रिंकी कुमारी और मोनालिसा कुमारी ने केंद्रों पर पहुंचकर वितरण प्रक्रिया की जांच की।
निरीक्षण के दौरान पोषण ट्रैकर के माध्यम से एफआरएस प्रणाली के तहत पात्र लाभुकों की पहचान कर पोषाहार वितरण किया गया। गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों के लिए निर्धारित मात्रा में चावल, सोयाबीन, तेल, दाल, मसाला और नमक के वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने पोषाहार की गुणवत्ता, निर्धारित मात्रा और वितरण प्रक्रिया की निगरानी करते हुए विभागीय दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वितरण व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
सीडीपीओ विभा कुमारी ने बताया कि सभी पात्र लाभुकों तक निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषाहार पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। पोषण ट्रैकर और एफआरएस प्रणाली के उपयोग से वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।
Post a Comment