Top News

पोठिया चौक पर रेलवे का चला बुलडोजर, हटाया गया अवैध अतिक्रमण


अलुवाबाड़ी-सिलीगुड़ी रेलखंड के पोठिया चौक स्थित रेल फाटक संख्या एसके-274 के आसपास रेलवे की जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सोमवार को रेलवे ने बड़ी कार्रवाई की। आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर रेलवे की भूमि पर बनी दुकानों, टिन शेड और अस्थायी दुकानों को हटवाकर जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया।

रेलवे की ओर से करीब एक सप्ताह पूर्व पोठिया चौक के 40-50 दुकानदारों को नोटिस जारी कर 31 अगस्त तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा के बावजूद अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाए जाने पर सोमवार सुबह आरपीएफ के अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुकानदारों को रेलवे की जमीन खाली करने का सख्त निर्देश दिया गया। इसके बाद दर्जनों दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानें और टिन शेड हटाने शुरू कर दिए। सभी दुकानों के खाली होने तक पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर मुस्तैद रही।

आरपीएफ बागडोगरा के उपाधीक्षक भूपेन चंद्र दास ने बताया कि रेल फाटक के आसपास अवैध रूप से दुकानें लगने और कूड़ा-कचरा जमा होने से ट्रेनों की दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे रेल सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसके अलावा फाटक के बंद और खुलने के दौरान अतिक्रमण के कारण सड़क पर जाम की समस्या भी उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि रेलवे ठाकुरगंज के एसएसई की ओर से दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर स्वयं कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर आरपीएफ टीम को कार्रवाई के लिए भेजा गया। हालांकि अभियान के दौरान दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानें हटाकर रेलवे की जमीन खाली कर दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post