Top News

जिला पदाधिकारी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत सातवें निश्चय "सबका सम्मान–जीवन आसान" को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी विशाल राज ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार एवं शुक्रवार—सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने निर्देश दिया कि प्रखंड, पंचायत और जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से की जाए। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी तत्काल अपने वरीय अधिकारियों को सूचित करेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी किसी कारणवश अनुपस्थित रहते हैं तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। वहीं, एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारी सोमवार एवं शुक्रवार को निर्धारित समयानुसार सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मुलाकात करेंगे।
जिला पदाधिकारी ने निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

Post a Comment

Previous Post Next Post