Top News

शिक्षकों की समस्याओं पर आर-पार की लड़ाई, राज्य सम्मेलन की तैयारी शुरू


बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ की प्रमंडलीय ऑनलाइन बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष अनवार करीम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य संघ द्वारा लिए गए आंदोलनात्मक एवं संगठनात्मक निर्णयों की समीक्षा की गई तथा आगामी आंदोलन और 12 जुलाई को प्रस्तावित राज्य सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज के जिला अध्यक्ष, प्रधान सचिव, कोषाध्यक्ष समेत विभिन्न प्रखंडों के संघीय पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सह कोषाध्यक्ष अनवार करीम ने कहा कि सरकार की दोहरी नीति और शिक्षा विभाग के अड़ियल रवैये का खामियाजा शिक्षक भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थानांतरण नियमावली में कई त्रुटियां हैं। नियमावली में प्रावधान होने के बावजूद शिक्षकों को प्रोन्नति से वंचित रखा जा रहा है, समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा है तथा कई मामलों में न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और आंदोलन के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

पूर्णिया जिला अध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल, कटिहार जिला अध्यक्ष तमीजुद्दीन, अररिया जिला अध्यक्ष जाफर रहमानी तथा किशनगंज जिला अध्यक्ष रागीबुर्रहमान ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य संघ के निर्देशानुसार 12 जुलाई को होने वाले राज्य सम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने सभी प्रखंडों से राज्य प्रतिनिधियों की सूची शीघ्र जिला संघ को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि समय पर राज्य संघ को भेजी जा सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रखंड स्तर पर व्यापक दौरा कर शिक्षकों को गोलबंद किया जाएगा और आगामी आंदोलन की तैयारियों को गति दी जाएगी।

बैठक में पूर्णिया से घनानंद मंडल, दिलीप, सतीश, राजाराम पासवान, आदित्य कुमार भारती, नूरुत्तम, कटिहार से कमरुद्दीन, अररिया से सुनील यादव तथा किशनगंज से मोबिन अख्तर उमंग, अब्दुल करीम, जहांगीर, मोहसिन, तौहीद काजमी और नूर जमाल सहित चारों जिलों के संघीय पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

Post a Comment

Previous Post Next Post