भवानीपुर प्रखंड के श्रीपुर मिलिक पंचायत अंतर्गत श्रीपुर गांव की बेटी श्रेया बादल ने दूसरे प्रयास में बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। परिजन, शुभचिंतक और ग्रामीण लगातार उनके आवास पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।
श्रेया बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के अध्यक्ष अशोक कुमार बादल एवं मिलन बादल की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दादा आनंदी प्रसाद बादल, दादी चिंतामणि बादल, माता-पिता तथा गुरुजनों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। श्रेया ने कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि बीपीएससी में सफलता उनके जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। उनका सपना यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में योगदान देना है। वर्तमान में वह दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं और दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं।
श्रीपुर गांव की इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने गर्व जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि श्रेया भविष्य में यूपीएससी में भी सफलता हासिल कर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
Post a Comment