भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के सोनदीप मिलिक पंचायत अंतर्गत सोनदीप गांव की बेटी विदिशा सिंह ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ऑफिसर के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे प्रखंड क्षेत्र में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।
विदिशा सिंह सोनदीप निवासी संजय कुमार सिंह एवं विनीता सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 825वीं रैंक प्राप्त कर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इससे पूर्व भी उन्होंने बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर राजस्व अधिकारी के पद पर चयन प्राप्त किया था और वर्तमान में अररिया जिले में अपनी सेवाएं दे रही हैं। अब डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट ऑफिसर के पद पर चयनित होकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का एक और उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अपनी सफलता पर विदिशा सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के सभी सदस्यों तथा गुरुजनों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और कठिन परिश्रम आवश्यक है। यदि व्यक्ति दृढ़ संकल्प के साथ मेहनत करे तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि गांव में रहकर भी बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है। जरूरत है तो केवल लगन, धैर्य और नियमित अध्ययन की। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश न होकर लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।
विदिशा की इस उपलब्धि से पूरे सोनदीप गांव में जश्न का माहौल है। परिजन, रिश्तेदार, ग्रामीण एवं शुभचिंतक उनके आवास पहुंचकर उन्हें बधाई दे रहे हैं और उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने उनकी सफलता को भवानीपुर प्रखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि विदिशा की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
Post a Comment