भवानीपुर नगर पंचायत के गोढ़ियारी टोला निवासी किसान अर्जुन सहनी एवं आंगनबाड़ी सेविका अनिता देवी के पुत्र रवि कुमार राहुल ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे भवानीपुर प्रखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
रवि कुमार राहुल की प्रारंभिक शिक्षा भवानीपुर में हुई। इसके बाद उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ, जहां से उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे भारतीय रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता का परचम लहराया।
रवि कुमार राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दिवंगत दादा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष मणिलाल सहनी को दिया। उन्होंने कहा कि उनके दादा बचपन से ही उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते थे। भावुक होते हुए राहुल ने कहा कि यदि आज उनके दादा जीवित होते तो उनकी इस सफलता पर सबसे अधिक प्रसन्न होते।
उन्होंने अपनी उपलब्धि में पत्नी ऋतु, माता अनिता देवी और पिता अर्जुन सहनी के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष उनकी पत्नी ऋतु ने भी बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। राहुल ने कहा कि कठिन परिश्रम, धैर्य और निरंतर प्रयास के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
रवि कुमार राहुल की सफलता की खबर मिलते ही पूरे भवानीपुर नगर पंचायत में उत्साह का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास पहुंचकर परिवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बधाई देने वालों में पूर्व प्रखंड प्रमुख डॉ. दीपक कुमार सुमन, जदयू नेता सुबोध चौहान, शंकर शर्मा, मुकेश कुमार दिनकर, सावन कुमार, पूर्व सरपंच मंटू यादव, समाजसेवी बिट्टू यादव सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।
Post a Comment