कोढ़ा प्रखंड में शुक्रवार को मुहर्रम पर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों पर लगातार गश्ती और निगरानी की व्यवस्था रही।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) सुनील कुमार शर्मा समेत प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरे दिन क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती रही, जिससे पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद एवं अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने पुलिस बल के साथ जुलूसों की निगरानी की और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी। अधिकारियों ने ताजिया कमेटियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखा। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन की सतर्कता, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों, ताजिया कमेटियों और आम नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
Post a Comment