Top News

पूर्णिया में भूमिगत मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF की बड़ी कार्रवाई में 10 अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद

लपूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत ईटहरी पंचायत के हरिपुर वार्ड संख्या-01 में संचालित एक भूमिगत मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस बड़ी छापेमारी में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 10 अर्धनिर्मित पिस्टल, हथियार बनाने की मशीनें, उपकरण और कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता और पटना से पहुंची एसटीएफ टीम ने धमदाहा एवं भवानीपुर थाना पुलिस के सहयोग से हरिपुर गांव में कई घंटों तक सघन छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस जब सुरेंद्र मंडल के घर पहुंची तो वहां जमीन के नीचे बने गुप्त तहखाने और बंकरनुमा कमरे में अवैध हथियार निर्माण का पूरा नेटवर्क संचालित होता मिला। पुलिस को फैक्ट्री तक पहुंचने के लिए जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी, जिसके जरिए भूमिगत संरचना को तोड़कर अंदर से हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें और सामग्री बाहर निकाली गई।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह अवैध फैक्ट्री पिछले पांच से छह वर्षों से संचालित की जा रही थी और इसका संबंध मुंगेर के हथियार तस्करों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुंगेर निवासी मोहम्मद अनवर खान, मोहम्मद आफताब, मिट्ठू कुमार और गब्बर राय के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। इस बड़ी कार्रवाई में धमदाहा थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी, पटना एसटीएफ और कोलकाता एसटीएफ की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने इसे एसटीएफ की बड़ी सफलता बताया है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दिनभर दहशत और चर्चा का माहौल बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post