दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को पूर्णिया सदर प्रखंड के डिमिया छतरजान पंचायत में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मियों में हड़कंप मचा दिया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने शिविर की व्यवस्था, आम लोगों से प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने शिविर में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि राज्यभर में लगाए जा रहे ‘सहयोग शिविर’ को सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से जोड़ा गया है और इसकी मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि शिविर में जमा होने वाले आवेदन सीधे सीएमओ कार्यालय तक पहुंचते हैं, जहां से संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों का चक्कर न लगाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौजूद अधिकारियों और कर्मियों से अब तक प्राप्त आवेदनों की संख्या, उनके निष्पादन और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने निर्देश दिया कि हर वैध आवेदन का तय समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंच सके। मंत्री के दौरे के दौरान शिविर परिसर में काफी देर तक प्रशासनिक हलचल बनी रही।
Post a Comment