पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर सीमांचल और पूर्णिया के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को बुके देकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी तथा किसानों से जुड़े दो महत्वपूर्ण मांग-पत्र सौंपे।
पूर्व सांसद ने खुश्की बाग में आधुनिक सब्जी मंडी निर्माण तथा मक्का किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय कर सरकारी खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
संतोष कुशवाहा ने कहा कि पूर्णिया और सीमांचल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मौसमी सब्जियों की खेती होती है। यहां उत्पादित सब्जियां सीमांचल और कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों में भेजी जाती हैं, लेकिन अब तक किसानों के लिए कोई व्यवस्थित सब्जी मंडी नहीं बन पाई है। इसके कारण किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अलग-अलग बाजारों में भटकना पड़ता है तथा उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
उन्होंने बताया कि पूर्णिया में अनाज मंडी तो है, लेकिन दशकों से सब्जी मंडी की मांग अधूरी पड़ी हुई है। खुश्की बाग स्थित कृषि विभाग की खाली जमीन पर आधुनिक सब्जी मंडी का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। दूसरे मांग-पत्र में पूर्व सांसद ने सीमांचल के मक्का किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि पूर्णिया बिहार का सबसे बड़ा मक्का उत्पादक क्षेत्र है। बावजूद इसके किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता और वे मजबूरी में कम कीमत पर मक्का बेचने को विवश हो जाते हैं।
उन्होंने सरकार से धान की तरह मक्का की भी सरकारी खरीद सुनिश्चित करने तथा एमएसपी लागू करने की मांग की, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
Post a Comment