Top News

कोढ़ा नगर पंचायत में जल्द जगमगाएंगे सभी वार्ड, एक सप्ताह में शुरू होगा स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य


कटिहार जिले के कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पंचायत अंतर्गत सभी वार्डों में लंबे समय से लंबित स्ट्रीट लाइट योजना अब धरातल पर उतरने जा रही है। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित समीक्षा के दौरान मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाए, ताकि आम लोगों को रात्रि के समय आवागमन में होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने बताया कि कई वार्डों में अंधेरे के कारण लोगों को सुरक्षा एवं आवागमन की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने अब कार्य में तेजी लाने का निर्णय लिया है। उन्होंने नगर पंचायत के जेई मोहम्मद रफीक एवं भवन निर्माण विभाग के जेई विभाष मंडल को निर्देश दिया कि स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य उनकी निगरानी में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्ट्रीट लाइट लगने से जहां बाजार एवं मुख्य सड़कों पर रोशनी बढ़ेगी, वहीं आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द कार्य शुरू होने पर खुशी जताई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post