कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रात्रि गश्ती एवं वाहन जांच अभियान के दौरान खुदना चौक से शराब सेवन के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मेडिकल जांच एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में कटिहार न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में खुदना निवासी अवधेश पासवान (40 वर्ष), मनोज ऋषि (50 वर्ष) तथा रामचन्द्र बिन्द (30 वर्ष) शामिल हैं। रामचन्द्र बिन्द का स्थायी पता उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के बनबाड़ीपुर गांव का बताया गया है, जबकि वह वर्तमान में खुदना में रह रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गश्ती दल को खुदना चौक पर तीनों की गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्हें रोककर जांच की गई। जांच के दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
थाना क्षेत्र में लगातार चल रहे छापेमारी अभियान से शराब कारोबारियों एवं शराब पीने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार सख्ती से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत हो रही है तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लग रहा है।
Post a Comment