Top News

जिंदा होने का सबूत दे रही बुजुर्ग महिला, पेंशन पर लगा ब्रेक


किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड से प्रशासनिक लापरवाही का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिए जाने के कारण उनकी वृद्धा पेंशन बंद हो गई है। जबकि महिला पूरी तरह जीवित है और पेंशन बहाल कराने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर है।

मामला सुखानी थाना क्षेत्र के भेलागुड़ी वार्ड संख्या-03 निवासी जमातुन निशा से जुड़ा है। मंगलवार को उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ठाकुरगंज को आवेदन देकर अपनी वृद्धा पेंशन दोबारा शुरू कराने की मांग की।

आवेदन में जमातुन निशा ने बताया कि वह वृद्धा पेंशन योजना की लाभार्थी हैं और उनका लाभार्थी संख्या 000000901405 है। उन्होंने कहा कि पेंशन पोर्टल पर उन्हें मृत दिखाया जा रहा है, जिसके कारण उनका जीवन प्रमाणीकरण नहीं हो पा रहा है और पेंशन भुगतान बंद कर दिया गया है। महिला ने बताया कि वृद्धा पेंशन ही उनके जीवनयापन का मुख्य सहारा है। पेंशन बंद होने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से रिकॉर्ड में सुधार कर जल्द पेंशन बहाल करने की मांग की है।
इधर, मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बिना सत्यापन किसी जीवित व्यक्ति को मृत घोषित किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने बताया कि महिला का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले को वरीय अधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया है तथा जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post