कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र में सेवा भारत के तत्वावधान में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में नगर पंचायत क्षेत्र में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा आगामी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, पुल-पुलिया समेत आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष बचे विकास कार्यों को भी जल्द पूरा कराया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
वहीं पार्षद अमित कुमार मंडल ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी देना है, ताकि लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क, जलनिकासी, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा। जिस पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
जनसंवाद कार्यक्रम में महिलाओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली। महिलाओं ने विकास कार्यों की सराहना करते हुए क्षेत्र में और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह जनसरोकार एवं विकास के मुद्दों पर केंद्रित रहा।
Post a Comment