किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंतर्गत कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-327 ई पर पीपरीथान चौक के समीप भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक और उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मकई से लदा एक ट्रैक्टर ठाकुरगंज से गलगलिया स्थित मकई फैक्ट्री की ओर जा रहा था। पीपरीथान चौक से कुछ दूरी पहले चालक ने ट्रैक्टर को सड़क किनारे खड़ा किया और पेशाब करने के लिए नीचे उतर गया। इसी दौरान ट्रैक्टर के पास खड़े वाहन मालिक राजू यादव को पीछे से आ रहे सोलर पैनल लदे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। वहीं ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिसकी चपेट में आने से ट्रैक्टर मालिक राजू यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के माणिकपुर गांव निवासी राजू यादव के रूप में हुई है। हादसे में ट्रक चालक और उपचालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
घटना की सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। थाना अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
Post a Comment