Top News

भवानीपुर में प्रशासन का सख्त एक्शन, शराब को लेकर सघन छापेमारी से अपराधियों में हड़कंप

भवानीपुर/संवाददाता बमबम यादव
भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत और प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से धमदाहा अनुमंडल प्रशासन द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान से भवानीपुर थाना क्षेत्र में दिनभर हलचल और चर्चाओं का माहौल बना रहा। अभियान का नेतृत्व धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप गोल्डी ने किया। इस दौरान भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी सहित पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।
सघन अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के संभावित ठिकानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। साथ ही हाल ही में हुए हत्या कांड के फरार अभियुक्तों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया। वहीं एसडीपीओ संदीप गोल्डी ने भवानीपुर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि थाना क्षेत्र में हर हाल में कानून व्यवस्था बनाए रखें और अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रखें।
इस सघन छापेमारी अभियान के बाद आम लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं अपराधियों के बीच भय का माहौल देखा जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अब अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post