जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आदर्श कोढ़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नयाटोला जुराबगंज में फरार अभियुक्त संजय यादव के घर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की। न्यायालय के आदेश के बाद की गई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, न्यायालय कटिहार द्वारा संजय यादव (पिता नंदू यादव) के विरुद्ध कुर्की वारंट जारी किया गया था। इसके अनुपालन में कोढ़ा थाना पुलिस दलबल के साथ उनके आवास पर पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की। इस दौरान स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में परिजनों को वारंट की जानकारी दी गई।
इसके बाद घर में मौजूद संपत्तियों का सत्यापन कर न्यायालय के निर्देशानुसार चल-अचल सामानों को जब्त कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई और जब्त सामानों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
कोढ़ा थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और न्यायालयीय आदेशों के अनुपालन को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment