पूर्णिया रेंज के आईजी डॉ. विवेकानंद ने शुक्रवार को कटिहार जिले के फलका थाना पहुंचकर हिरासत में हुई मौत के मामले की गहन समीक्षा की। करीब दो घंटे तक चली जांच के दौरान आईजी ने मामले के हर पहलू को बारीकी से परखा। जांच में यह सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ओडी पदाधिकारी सअनि चुनचुन देवी और चौकीदार चंदन कुमार को निलंबित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक थानाध्यक्ष समेत कुल चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मृतक के परिजनों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा भी दिलाया। आईजी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना के बाद क्षेत्र में उत्पन्न कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने और फलका की छवि खराब करने की कोशिश करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कई प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और अब तक तीन कांडों में 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गौरतलब है कि बाइक लूट कांड के संदेह में पुलिस ने राकेश कुमार यादव को हिरासत में लिया था। हिरासत के दौरान ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाना परिसर में तोड़फोड़ और हंगामा किया, जिसके बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment