कटिहार: जिले के फलका थाना क्षेत्र में 04 अप्रैल 2026 को थाना के हाजत में हुए आरोपी के मौत के बाद हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि लूट के एक मामलें में राकेश यादव नामक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद युवक ने हाजत में ही फाँसी लगा ली थी। जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया था, मगर रास्ते मे ही उसकी मौत हो गई थी। मौत की खबर सुनकर कुछ लोगों द्वारा सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया और फलका थाना पर उपद्रव किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रही थी।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा सरकारी हथियार छीनने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छीना गया हथियार सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की गई। इस मामले में मुख्य आरोपी दिवाकर कुमार यादव उर्फ दिवो यादव (साकिन- लक्ष्मीपुर लोहजर, थाना फलका, जिला कटिहार) सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में मोनू यादव (जिला पूर्णिया), प्रभात कुमार (जिला पूर्णिया), रौशन कुमार (जिला पूर्णिया) एवं अभिमन्यु कुमार (जिला पूर्णिया) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कटिहार पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Post a Comment