आगामी ईद-उल-फितर पर्व को लेकर गुरुवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक किशनगंज श्री संतोष कुमार के निर्देशानुसार आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता थाना अध्यक्ष मकसूद अशरफी ने की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अब्दाली सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था। इस दौरान उपस्थित लोगों के साथ आपसी समन्वय, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष ने सभी से अपील की कि पर्व के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में सिकंदर पटेल, उप प्रमुख गुलाम मोइद्दीन, देवकी अग्रवाल, जामा मस्जिद के कोषाध्यक्ष सलीमुद्दीन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बिजली सिंह, समाजसेवी राजेश करनानी, राम भक्त मंडल के अध्यक्ष अनिल महाराज, नगर पार्षद अमित सिन्हा, भाजपा नगर अध्यक्ष अतुल सिंह, नगर महामंत्री चंद्रकांत गौतम, नगर मंत्री पुष्पराज सिंह, विवेक साहा, राहुल पासवान एवं शिव यादव सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सतत प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, त्योहार के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती एवं गश्ती बढ़ाने की भी योजना बनाई गई है।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
Post a Comment